Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

भालूमाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध पशु तस्करी का पर्दाफाश, 15 मवेशियों समेत 13 लाख का माल जब्त




अनूपपुर

 अवैध पशु तस्करी के खिलाफ भालूमाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से कुल 15 मवेशियों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से दो पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं। जब्त मवेशियों और वाहनों की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुरार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ सिंह मरकाम तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भालूमाड़ा निरीक्षक राधिका भगत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहनों के माध्यम से मवेशियों को अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई हरद रेलवे अंडरब्रिज के पास की गई। पुलिस को देखकर बिना नंबर की सफेद पिकअप का चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 5 भैंसे और 2 भैंसी, कुल 7 मवेशी, क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले।

इसी तरह दूसरी कार्रवाई जमुना स्थित जीएम ऑफिस के सामने की गई। यहां भालूमाड़ा की ओर से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक 65 ZD 4094 को पुलिस ने घेराबंदी कर रोका। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वाहन की जांच करने पर उसमें 3 भैंसी और 5 भैंसे, कुल 8 मवेशी क्रूरता पूर्वक लोड कर परिवहन करते पाए गए।

दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 15 मवेशी, कीमत लगभग 3 लाख रुपये तथा दो पिकअप वाहन, कीमत करीब 10 लाख रुपये, कुल 13 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

मामले में दोनों अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ थाना भालूमाड़ा में अपराध क्रमांक 226/2026 एवं 227/2026 दर्ज कर पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ), मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 6(क), 9, 10, 11 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

इनकी रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भालूमाड़ा निरीक्षक राधिका भगत, सहायक उप निरीक्षक चन्द्रहास बांधेकर, प्रधान आरक्षक 57 कृपाल सिंह, आरक्षक 224 चक्रधर तिवारी, आरक्षक 217 प्रवीण भगत, आरक्षक 362 विनोद जाटव एवं चालक आरक्षक 575 दिनेश किराडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Post a Comment

0 Comments