Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

वार्षिक सदस्यता सत्यापन में एचएमएस ने हासिल किया दूसरा स्थान 561 श्रमिकों की सदस्यता के साथ कोयला मजदूर सभा ने दर्ज कराई मजबूत मौजूदगी, कार्यकर्ताओं ने निकाली विशाल रैली






अनूपपुर। एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र की कोयला खदानों में ट्रेड यूनियनों की वार्षिक सदस्यता सत्यापन प्रक्रिया के परिणाम सामने आने के बाद एचएमएस (हिंद मजदूर सभा) के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कोयला मजदूर सभा ने 561 श्रमिकों की सदस्यता के साथ क्षेत्र में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। संगठन के अनुसार प्रथम स्थान पर रहने वाले संगठन से एचएमएस 161 मत पीछे रहा।

सदस्यता सत्यापन के दौरान क्षेत्र की विभिन्न कोयला खदानों एवं कार्यालयों में श्रमिकों के बीच ट्रेड यूनियनों ने सदस्यता के लिए सक्रिय रूप से संपर्क किया। संगठन के अनुसार एरिया ऑफिस में एचएमएस प्रथम स्थान पर रहा, जबकि जमुना यूजीआर में भी संगठन ने प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यकर्ताओं ने निकाली विशाल रैली

सदस्यता सत्यापन में दूसरे स्थान पर आने के बाद एचएमएस के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्रीकांत शुक्ला के नेतृत्व में श्रमिकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा विशाल रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ महिला श्रमिक भी शामिल हुईं।

रैली जमुना-कोतमा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से होते हुए जमुना कॉलोनी स्थित शीतला माता मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

श्रमिक हितों के लिए निरंतर कार्य का संकल्प

एचएमएस पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन हमेशा श्रमिकों के हितों, अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करता रहा है। सदस्यता सत्यापन में श्रमिकों द्वारा संगठन पर जताया गया विश्वास उनके लिए महत्वपूर्ण है।

पदाधिकारियों ने सभी श्रमिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मिले समर्थन और विश्वास को बनाए रखने के लिए भविष्य में भी श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

रैली में एचएमएस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रमिकों की मौजूदगी रही।

Post a Comment

0 Comments