अनूपपुर
नगर के मेन दुर्गा पंडाल में आयोजित दो दिवसीय भव्य दंगल (कुश्ती) प्रतियोगिता का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले ही दिन राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के महिला एवं पुरुष पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच और शानदार खेल कौशल से हजारों दर्शकों का दिल जीत लिया। अखाड़े में हुए एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को अंत तक बांधे रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह ने पहलवानों को माला पहनाकर एवं उनका आत्मीय स्वागत कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने तथा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं खेल परंपरा को नई पहचान देते हैं।
दंगल प्रतियोगिता को देखने के लिए भाजपा मंडल अध्यक्ष पसान धीरेन्द्र सिंह,लाल बहादुर जायसवाल,पूर्व नपा उपाध्यक्ष प्रभात मिश्रा,मीडिया प्रभारी राजेश सिंह,भाजपा नेता शिव रतन वर्मा,भाजपा नेता सुखविंदर सिंह,दिवाकर विश्वकर्मा,लाल जी,सचिन जायसवाल, विकास जायसवाल,रोशन वारसी,सरताज मियां,मीनू तिवारी सहित जमुना कोतमा के आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण एवं नागरिक पहुंचे। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा।जहां मौसम ने मिजाज बिगाड़ दिया झमाझम बारिश होने के बाद भी दर्शक अपनी जगहों पर डटे रहे। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं, जिसकी सभी ने सराहना की।
दंगल के पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, लेकिन सबसे अधिक आकर्षण महिला पहलवानों के मुकाबले रहे। महिला खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, फुर्ती और दमदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए पुरुष पहलवानों को भी पटखनी देकर दर्शकों की जमकर वाहवाही बटोरी। महिला पहलवानों के शानदार प्रदर्शन पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और दर्शकों ने खड़े होकर उनका उत्साहवर्धन किया।
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे नामी महिला एवं पुरुष पहलवानों ने अखाड़े में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी ताकत, तकनीक और अनुभव का परिचय दिया। हर मुकाबले में जीत के लिए पहलवानों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दांव-पेंच, पलटवार और रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित बनाए रखा।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का दूसरा दिन भी बेहद रोमांचक रहने वाला है। शनिवार को कई बड़े और चर्चित पहलवान अखाड़े में उतरेंगे, जिनके मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक दंगल प्रतियोगिता का आनंद लेने की अपील की है।








0 Comments