अनूपपुर। जिले में चलाए जा रहे 'नशा मुक्ति अभियान' के तहत बिजुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा और कच्ची महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी आरती शाक्य के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस एक ओर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही है, वहीं दूसरी ओर नशे के अवैध कारोबार में लिप्त तस्करों पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में बिजुरी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब और गांजा बरामद किया।
खंडहर मकान से 21 लीटर महुआ शराब बरामद
15 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम उमरदा में दबिश देकर पुलिस ने चौरसिया बाई साहू के घर के पास स्थित एक खंडहर मकान से दो पीले डिब्बों में रखी 21 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 2,520 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
70 वर्षीय गांजा तस्कर गिरफ्तार
इसी दिन कस्बा पेट्रोलिंग के दौरान न्यू बस स्टैंड के पास पुलिस वाहन को देखकर भाग रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान श्यामलाल सिंह कंवर (70 वर्ष), निवासी ग्राम उमरदा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके झोले से 675 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कमलेश तिवारी, प्रधान आरक्षक बसंत कोल, आरक्षक प्रभाकर त्रिपाठी एवं आरक्षक विश्वजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बिजुरी पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।


0 Comments