Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रभात कच्छवाह पहुंचे अनूपपुर, विभिन्न नगर पालिकाओं का किया दौरा पसान की सफाई व्यवस्था और सफाई मित्रों की व्यवस्थाओं से दिखे संतुष्ट, मजदूरों के हितों पर की चर्चा





भारतीय सफाई मजदूर संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) के प्रदेश अध्यक्ष प्रभात कच्छवाह आज अनूपपुर जिले के प्रवास पर पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने जिले की विभिन्न नगर पालिकाओं का दौरा कर सफाई कर्मचारियों से सीधे संवाद किया तथा उनके कार्य, मजदूरी भुगतान, श्रमिकों के हित, शोषण की स्थिति और मानवाधिकार से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष प्रभात कच्छवाह दोपहर में नगर पालिका परिषद पसान पहुंचे। यहां उन्होंने पालिका कार्यालय परिसर में सफाई मित्रों एवं सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं तथा नगर पालिका द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में चर्चा की।

सफाई कर्मचारियों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें समय पर मजदूरी का भुगतान मिल रहा है या नहीं, कार्य के दौरान किसी प्रकार का दबाव अथवा शोषण तो नहीं है तथा उनके अधिकारों और सुविधाओं का उचित ध्यान रखा जा रहा है या नहीं। कर्मचारियों से चर्चा के बाद प्रदेश अध्यक्ष व्यवस्थाओं को लेकर काफी संतुष्ट नजर आए।

समय पर होता है सफाई मित्रों का भुगतान

इस दौरान नगर पालिका परिषद पसान के अध्यक्ष राम अवध सिंह से सफाई मित्रों के मानदेय भुगतान के संबंध में चर्चा की गई। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि सफाई मित्रों का भुगतान सामान्यतः प्रत्येक माह की 8 से 9 तारीख के बीच कर दिया जाता है। यदि किसी कारणवश भुगतान में विलंब होता है तो भी 12 से 14 तारीख के बीच हर हाल में भुगतान सुनिश्चित किया जाता है।

उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में सफाई मित्रों के वेतन में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे सफाई कर्मचारियों को आर्थिक रूप से और राहत मिलने की उम्मीद है।

फूल-मालाओं से हुआ आत्मीय स्वागत

नगर पालिका परिषद पसान पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष प्रभात कच्छवाह का नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह द्वारा फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।

प्रदेश अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों को नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके सम्मान, अधिकार और सुविधाओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की मेहनत से ही शहर स्वच्छ और स्वस्थ बना रहता है, इसलिए उनके हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद पसान परिसर में भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अब्दुल कलाम, नगर पालिका के सफाई मित्र, अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को सफाई कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। वहीं, पसान नगर पालिका की सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों के भुगतान से जुड़ी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किए जाने से पालिका प्रशासन में भी उत्साह देखने को मिला। जिस पर प्रदेश अध्यक्ष ने नपा अध्यक्ष राम अवध सिंह को शुभकामनाएं देते हुए अच्छी व्यवस्थाओं की सराहना की और बुके देकर उनका स्वागत किया !

Post a Comment

0 Comments