

अनूपपुर। थाना भालूमाड़ा पुलिस ने बड़ी चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन में की गई।
मामले के अनुसार 20 जनवरी की रात करीब 1.30 से 2.30 बजे के बीच नागेंद्र कुमार अवस्थी के घर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नगदी चोरी कर ली। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, लेकिन चोर नकाब में होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। वारदात में इनोवा कार का उपयोग किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर वाहन मालिक कुर्बान रजा खान की भूमिका सामने आई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने अपने मामा-ससुर जब्बीर खान और अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में आरिफ खान, अनीश उर्फ गोल्डन, नंदलाल उर्फ नंदू गिरी और पास्टर उर्फ मानवेन्द्र लकड़ा भी शामिल पाए गए।
चोरी किए गए जेवर अम्बिकापुर स्थित माँ अन्नपूर्णा ज्वेलर्स के संचालक नीरज सोनी को 9 लाख रुपये में बेचे गए थे। पुलिस ने अनीश, नंदलाल, कुर्बान रजा खान और नीरज सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 1 किलो 700 ग्राम चांदी के जेवर और सोने की एक चैन बरामद की गई है। चोरी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
फिलहाल फरार आरोपियों—जब्बीर खान, आरिफ खान और पास्टर उर्फ मानवेन्द्र लकड़ा—की तलाश जारी है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी भालूमाड़ा उप निरीक्षक विपुल शुक्ला, जे.पी. लकड़ा, डी.एस. बागरी सहित पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।
0 Comments