Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

स्कूल बसों में क्षमता से अधिक छात्र, 20-30 बच्चों के खड़े होकर सफर करने से अभिभावक चिंतित सीएमपीडीआई बस में खाली रहती हैं 15-20 सीटें, बच्चों की सुरक्षा को लेकर सांसद प्रतिनिधि ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन




राजनगर (शांतिनगर) से केंद्रीय विद्यालय झगराखांड आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की स्कूल बस व्यवस्था को लेकर अभिभावकों की चिंता सामने आई है। एसईसीएल की बस में बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण करीब 20 से 30 छात्र-छात्राओं को खड़े होकर विद्यालय तक सफर करना पड़ रहा है। इनमें छात्राएं भी शामिल हैं। इससे बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर अभिभावकों में असंतोष बढ़ रहा है।


इस समस्या को लेकर नगर परिषद बनगवां (राजनगर) के सांसद प्रतिनिधि मनोज सिंह ने थाना रामनगर के थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।


ज्ञापन में बताया गया कि राजनगर (शांतिनगर) से केंद्रीय विद्यालय झगराखांड के लिए एसईसीएल एवं सीएमपीडीआई द्वारा स्कूल बसों का संचालन किया जाता है। एसईसीएल की बस में अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्थानीय रहवासियों के बच्चों की संख्या अधिक होने के चलते बस में बैठने की क्षमता से अधिक बच्चे यात्रा कर रहे हैं। परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को खड़े होकर विद्यालय जाना पड़ रहा है।


वहीं, सीएमपीडीआई की बस में अपेक्षाकृत कम बच्चे सफर करते हैं और करीब 15 से 20 सीटें खाली रहने की बात ज्ञापन में कही गई है। इसके बावजूद इन खाली सीटों का उपयोग अतिरिक्त बच्चों के लिए नहीं हो पा रहा है।


मनोज सिंह ने कहा कि एसईसीएल और सीएमपीडीआई दोनों ही कोल इंडिया लिमिटेड के अधीन भारत सरकार के उपक्रम हैं। ऐसे में दोनों संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित कर उपलब्ध बस क्षमता का बेहतर उपयोग किया जा सकता है। यदि सीएमपीडीआई की बस में उपलब्ध खाली सीटों पर आवश्यकतानुसार कुछ अतिरिक्त बच्चों को बैठने की अनुमति मिलती है, तो एसईसीएल बस में भीड़ कम होगी और बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा मिल सकेगी।


ज्ञापन में थाना प्रभारी से संबंधित एसईसीएल एवं सीएमपीडीआई अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया गया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि उद्देश्य किसी संस्था या अधिकारी के विरुद्ध शिकायत करना नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के हित में उचित समाधान सुनिश्चित कराना है।


ज्ञापन की प्रतिलिपि शहडोल लोकसभा सांसद, कलेक्टर अनूपपुर, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर, संबंधित एसईसीएल महाप्रबंधक/क्षेत्रीय अधिकारी तथा सीएमपीडीआई के संबंधित अधिकारी को भी प्रेषित की गई है।

Post a Comment

0 Comments