अनूपपुर
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और युवा पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में यातायात पुलिस अनूपपुर द्वारा “ट्रैफिक पाठशाला” अभियान का पुनः आगाज किया जा रहा है। इस बार अभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाते हुए लगातार 10 दिवस तक पूरे जिले के स्कूल एवं कॉलेजों में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कक्षा में सिर्फ पढ़ाई नहीं, सड़क सुरक्षा का भी पाठ
ट्रैफिक पाठशाला के माध्यम से यातायात प्रभारी अनूपपुर विनोद दुबे की पुलिस टीम सीधे विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उन्हें सड़क पर सुरक्षित व्यवहार का व्यावहारिक प्रशिक्षण देगी।अभियान के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट की उपयोगिता, सीट बेल्ट, ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतक, निर्धारित गति सीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करना एवं नशे में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया जाएगा।
विद्यार्थी बनेंगे सड़क सुरक्षा के संदेशवाहक
अभियान की खासियत यह होगी कि विद्यार्थियों को केवल यातायात नियम बताए नहीं जाएंगे, बल्कि उन्हें “सड़क सुरक्षा के प्रहरी” के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
एक विद्यार्थी — एक परिवार — एक सुरक्षित संदेश।
विद्यार्थी अपने माता-पिता, भाई-बहन एवं आसपास के लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करेंगे। इस प्रकार ट्रैफिक पाठशाला का संदेश स्कूल की कक्षा से निकलकर हर घर और हर सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
“ट्रैफिक पाठशाला — सीखेंगे बच्चे, सुरक्षित होगा भविष्य।”


0 Comments