नवरात्रि पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम के साथ संपन्न होने के बाद अब प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस दौरान विद्युत विभाग भी पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। नवरात्रि के दौरान विद्युत विभाग की व्यवस्था दुरुस्त रही और विभागीय कर्मचारियों ने लगातार सहयोग करते हुए बिजली संबंधी व्यवस्थाओं पर निगरानी बनाए रखी। इसके चलते किसी अप्रिय विद्युत दुर्घटना की सूचना नहीं मिली।
इसी क्रम में मंगलवार दोपहर विद्युत विभाग के वरिष्ठ अभियंता **आशुतोष चन्द्रा** एवं कनिष्ठ अभियंता **श्री प्रजापति** अपनी टीम के साथ मोटरसाइकिल से विसर्जन मार्गों का निरीक्षण करते नजर आए। उन्होंने उन रास्तों पर लगे बिजली के खंभों और तारों की स्थिति का जायजा लिया, जहां से होकर माता रानी की प्रतिमाएं विसर्जन के लिए गुजरेंगी।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका को रोकना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभागीय अधिकारियों ने प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने पर जोर दिया।
**बड़ी प्रतिमाओं की जानकारी पहले दें पंडाल समितियां**
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने सभी दुर्गा पंडाल समितियों के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से अपील की है कि यदि माता रानी की प्रतिमा काफी बड़ी है और विसर्जन के दौरान बिजली के तारों से टकराने की आशंका है, तो इसकी जानकारी पहले से विद्युत विभाग को दें। इससे विभाग समय रहते आवश्यक व्यवस्था कर सकेगा और विसर्जन के दौरान किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सकेगा।
अधिकारियों ने कहा कि बिजली से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर नागरिक एवं पंडाल समितियां विद्युत विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
नवरात्रि के दौरान बेहतर विद्युत व्यवस्था बनाए रखने और अब विसर्जन मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा सुनिश्चित करने में विद्युत विभाग की सक्रियता सराहनीय रही है।



0 Comments