अनूपपुर। नगर पालिका परिषद पसान के अंतर्गत भालूमाड़ा में निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित मंगल भवन को लेकर सांसद हिमाद्री सिंह और कलेक्टर रत्नाकर झा ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कर निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसईसीएल (कालरी) प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं को लेकर कलेक्टर रत्नाकर झा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित प्रबंधन को तकनीकी एवं विभागीय समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के लिए उच्चाधिकारियों से समन्वय स्थापित करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि जनहित के कार्यों में लापरवाही या बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सांसद हिमाद्री सिंह ने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंगल भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मंगल भवन के तैयार होने से भालूमाड़ा सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और मांगलिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह, पसान मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह ने जताया आभार
नगर पालिका परिषद पसान के अध्यक्ष राम अवध सिंह ने सांसद हिमाद्री सिंह और कलेक्टर रत्नाकर झा द्वारा मंगल भवन निर्माण को लेकर दिखाई गई सक्रियता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से मंगल भवन की सुविधा मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं का समाधान होगा और भवन जल्द जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने भरोसा जताया कि नगर पालिका परिषद निर्माण कार्य को गति देने और भवन को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगी।






0 Comments