CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस, इंदौर निवासी ट्रक चालक गिरफ्तार; चोरी में इस्तेमाल आइसर ट्रक भी जब्त
अनूपपुर। नगर परिषद डोला की अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना के लिए बस स्टैंड के पास रखी गई 49 नग डीआई पाइप चोरी के मामले में रामनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी गई करीब ₹3.50 लाख कीमत की 49 नग डीआई पाइप बरामद करने के साथ ही चोरी में प्रयुक्त आइसर ट्रक क्रमांक MP 09 GH 7865, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹20 लाख बताई गई है, को भी जब्त किया है। मामले में इंदौर निवासी ट्रक चालक अंसार पटेल पिता इशाक पटेल, उम्र 55 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है।
4 सितंबर को दर्ज हुई थी चोरी की रिपोर्ट
जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को फरियादी उमाशंकर कुशवाहा ने थाना रामनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नगर परिषद डोला अंतर्गत बस स्टैंड के पास अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना के लिए रखी गई 49 नग डीआई पाइप अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई हैं। चोरी गई पाइपों की अनुमानित कीमत ₹3,50,350 थी।
शिकायत पर थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 258/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम तथा एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में रामनगर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध ट्रक के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिला। इसके बाद ट्रक की पहचान करते हुए इंदौर निवासी चालक अंसार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में सामने आई चोरी की पूरी कहानी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ट्रक चालक ने बताया कि उसने एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर नगर परिषद डोला बस स्टैंड के पास रखी डीआई पाइपों को ट्रक क्रमांक MP 09 GH 7865 में लोड किया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पथरौड़ी के पास से चोरी गई सभी 49 नग डीआई पाइप ट्रक सहित बरामद कर लीं।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि जिस व्यक्ति के कहने पर पाइप ट्रक में लोड की गई थीं, उसने बाद में अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। मोबाइल बंद होने के कारण आरोपी पाइपों को बताए गए गंतव्य तक नहीं पहुंचा सका और इसी बीच पुलिस की जांच उस तक पहुंच गई।
लाखों का मशरूका बरामद
रामनगर पुलिस की कार्रवाई में—
- 49 नग डीआई पाइप — अनुमानित कीमत ₹3,50,350
- आइसर ट्रक MP 09 GH 7865 — अनुमानित कीमत ₹20 लाख
बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जिस व्यक्ति का मोबाइल नंबर आरोपी ने पुलिस को उपलब्ध कराया है, उसकी भी पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना रामनगर पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुमित कौशिक, एएसआई उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक 84 सनत कुमार द्विवेदी, आरक्षक अनुराग सिंह एवं आरक्षक अनुराग भार्गव शामिल रहे।
सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग की अपील
अनूपपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शासकीय संपत्ति और सार्वजनिक निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री की सुरक्षा में सहयोग करें। किसी भी स्थान पर संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी पुलिस थाना को सूचना दें।


0 Comments