Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

खाकी और वर्दी पर सजा बहन के स्नेह का रक्षा सूत्र,समाजसेवी मीनू तिवारी ने जवानों संग मनाया रक्षाबंधन

 






 रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपने परिवार से दूर रहकर कर्तव्य निभा रहे पुलिसकर्मियों और सीआईएसएफ जवानों के बीच समाज सेविका एवं भाजपा नेत्री मीनू तिवारी ने राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह और अपनत्व की मिसाल पेश की। भालूमाड़ा थाना एवं एसईसीएल सुरक्षा कैंप में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया।

मीनू तिवारी पिछले कई वर्षों से रक्षाबंधन के अवसर पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं सीआईएसएफ जवानों के साथ यह पर्व मनाती आ रही हैं। इसी पुनीत परंपरा को उन्होंने इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा और भावनात्मक जुड़ाव के साथ जारी रखा। उन्होंने जवान भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की।

रक्षाबंधन के इस भावुक अवसर पर जवानों एवं अधिकारियों ने भी बहन मीनू तिवारी से रक्षा सूत्र बंधवाकर उनके स्नेह, सम्मान और अपनत्व के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। इस दौरान माहौल में भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता और खुशी देखने को मिली।

मीनू तिवारी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवान त्योहारों पर भी अपने परिवार से दूर रहकर देश और समाज की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि उन्हें यह एहसास कराया जाए कि वे अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरा समाज उनके साथ है और समाज ही उनका परिवार है।

उन्होंने कहा कि जवानों की कलाई पर राखी बांधना उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। उनके साथ रक्षाबंधन मनाकर उन्हें पारिवारिक स्नेह देने की कोशिश की जाती है।

इस अवसर पर मीनू तिवारी एवं उपस्थित बहनों की ओर से सभी पुलिसकर्मियों, सीआईएसएफ जवानों एवं सुरक्षा कर्मियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन और दीर्घायु की मंगलकामना की गई।

Post a Comment

0 Comments