अनूपपुर
मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने शहडोल संभाग में अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए कर्मचारियों के हितों की लड़ाई को तेज करने का स्पष्ट संकेत दिया है। प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र सिंह द्वारा जारी अधिसूचना में साफ कहा गया है कि अब कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संगठन निर्णायक भूमिका में नजर आएगा।
घोषित कार्यकारिणी में बी.पी. तिवारी को संभाग अध्यक्ष बनाया गया है, जो अब सीधे तौर पर कर्मचारियों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। श्री नरेंद्र देवांगन को कार्यकारी अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है, जबकि सुश्री नीता खेस एवं श्री गुड्डू चौधरी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। श्री पुष्पराज सिंह को संभाग सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं आर्थिक और संगठनात्मक मजबूती के लिए श्री शिवकुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष तथा श्री सुधीर मिश्रा को सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
संघ ने स्पष्ट कर दिया है कि नई टीम अब केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से सीधा संवाद और जरूरत पड़ने पर आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समय रहते कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा। नई कार्यकारिणी को लेकर कर्मचारियों में उत्साह है और सभी को उम्मीद है कि यह टीम अधिकारों की लड़ाई को नई धार देगी।


0 Comments