"The National Federation of Working Journalists will celebrate the birth anniversary of Maharishi Narada (Devrishi Narad Jayanti) tomorrow with great fervor at Bankim Vihar."
प्रतिभावान छात्रों व पत्रकारों का होगा सम्मान, मंत्री दिलीप जायसवाल व सांसद हिमाद्री सिंह रहेंगी मौजूद
अनूपपुर।
सृष्टि के प्रथम संवाददाता एवं आदि पत्रकार के रूप में विख्यात देवर्षि नारद जी की जयंती आज बंकिम बिहार, जमुना-कोतमा क्षेत्र में हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद, अनूपपुर ब्लॉक इकाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन के सूत्रधार भगवान दास मिश्रा एवं संयोजक चंदन केवट ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस वर्ष भी कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
हिंदू धर्मग्रंथों के अनुसार, देवर्षि नारद भगवान ब्रह्मा के मानस पुत्र माने जाते हैं, जिन्होंने देव, दानव, मनुष्य और किन्नरों के बीच संवाद स्थापित कर सृष्टि के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आधुनिक पत्रकारिता में भी उन्हें प्रथम पत्रकार के रूप में सम्मानित किया जाता है। उनका प्रकटोत्सव प्रति वर्ष ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है, जो जमुना-कोतमा क्षेत्र में वर्षों से परंपरा के रूप में स्थापित है।
कार्यक्रम में धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ विद्वान आचार्य पंडित ओमप्रकाश शास्त्री द्वारा देवर्षि नारद के जीवन पर प्रेरणादायक उद्बोधन प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर कोतमा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह करेंगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान, पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, अनूपपुर विधायक विशाहूलाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, एसडीएम कमलेश पुरी, एसडीएम सतीश वर्मा, महाप्रबंधक प्रभाकर राम त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष अजय सराफ व राम अवध सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
प्रतिभाओं का होगा सम्मान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्रों एवं पत्रकारों का सम्मान होगा। अनूपपुर जिले से यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले रोहन जैन को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही "एक भारत श्रेष्ठ भारत’ योजना के तहत नागालैंड जैसे आदिवासी क्षेत्र का अध्ययन करने वाले शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के दो विद्यार्थियों को भी सम्मान मिलेगा।
इसके अतिरिक्त सीबीएसई बोर्ड में कोतमा एवं बिजुरी क्षेत्र के टॉप-3 विद्यार्थियों के साथ-साथ मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं एवं 12वीं की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को सफल बनाएं और देवर्षि नारद जी के आदर्शों से प्रेरणा लें।



0 Comments