Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

रक्सा में 800×2 मेगावाट पावर प्लांट परियोजना की लोकसुनवाई सम्पन्न, विकास और रोजगार को लेकर ग्रामीणों ने जताई सहमति

अनूपपुर।




जिले की ग्राम पंचायत रक्सा के खेल मैदान में शुक्रवार को न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित 800×2 मेगावाट ताप विद्युत परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के अंतर्गत लोकसुनवाई का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। लोकसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए।

यह लोकसुनवाई किसानों एवं ग्रामीणों के लिखित निवेदन के आधार पर भू-अधिग्रहण नियम 2013 के तहत सामाजिक प्रभाव आकलन (Social Impact Assessment) रिपोर्ट पर चर्चा के उद्देश्य से आयोजित की गई। प्रस्तावित परियोजना के लिए लगभग 103.691 एकड़ भूमि अधिग्रहण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कमलेश पुरी ने की, जबकि सामाजिक प्रभाव आकलन अध्ययन समिति के अध्यक्ष एवं अपर कलेक्टर दिलीप पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। अध्ययन संस्था ए.आई.एस.डी. द्वारा सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट का वाचन करते हुए ग्रामीणों को परियोजना से जुड़े सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक पहलुओं की जानकारी दी गई।

लोकसुनवाई के दौरान ग्राम रक्सा एवं कोलमी के ग्रामीणों ने मंच के माध्यम से अपने सुझाव, अपेक्षाएँ और विचार रखे। अधिकांश ग्रामीणों ने क्षेत्र में उद्योग स्थापना को रोजगार, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं उसकी अनुसंगी कंपनी टोरेंट पावर के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक जवाब दिया। कंपनी की ओर से स्पष्ट किया गया कि संपूर्ण प्रक्रिया शासन के नियमों एवं कानूनों के तहत की जा रही है तथा ग्रामीणों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि ग्राम पंचायत रक्सा एवं कोलमी की अनुपयोगी भूमि के अधिग्रहण हेतु ग्रामीणों एवं ग्राम सभाओं द्वारा प्रस्ताव पारित कर शासन को निवेदन किया गया था, जिसके बाद नियमानुसार अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू की गई।

लोकसुनवाई में ग्राम पंचायत रक्सा की सरपंच उमा सिंह, कोलमी सरपंच राजू पनिका, राम नारायण पाण्डेय, नरेंद्र राठौर, रमेश सिंह, चक्रधर मिश्रा, कुसुम राठौर एवं रामदीन राठौर सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनूपपुर गुड्डू चौहान ने कहा कि उद्योग स्थापना से प्रदेश एवं देश के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने प्रभावित किसानों के हितों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कंपनी द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

वहीं चक्रधर मिश्रा ने कहा कि कंपनी और ग्रामीणों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हुआ है तथा ग्रामीणजन उद्योग स्थापना के लिए सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी ग्रामवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध दिखाई दे रही है।

लोकसुनवाई के अंत में कंपनी प्रतिनिधि सुशील कांत मिश्रा ने उठाए गए सभी मुद्दों का बिंदुवार जवाब प्रस्तुत करते हुए उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात एसडीएम कमलेश पुरी ने लोकसुनवाई समाप्ति की घोषणा की।

पूरी लोकसुनवाई शांतिपूर्ण, सकारात्मक एवं विकासोन्मुख वातावरण में सम्पन्न हुई।

Post a Comment

0 Comments