अनूपपुर ।
जिले के जैतहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में नजर आ रही है। पूर्व में जैतहरी आंचल अंतर्गत संचालित डॉक्टर विश्वास की क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा छापामार कार्रवाई करते हुए उसे सीज किया गया था, लेकिन अब वही क्लीनिक कोतमा मस्जिद के पास दोबारा धड़ल्ले से संचालित होने की चर्चा क्षेत्र में तेज हो गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद बिना किसी डर के क्लीनिक का संचालन जारी है। इतना ही नहीं, यहां मरीजों को बोतल चढ़ाने के साथ-साथ अस्थायी रूप से भर्ती भी किया जाता है। इससे विभागीय निगरानी और प्रशासनिक सख्ती पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि क्लीनिक नियम विरुद्ध संचालित हो रही थी, तो दोबारा संचालन की अनुमति आखिर कैसे मिल गई? लोगों का यह भी आरोप है कि ऐसे झोलाछाप डॉक्टरों की वजह से अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में असफल नजर आ रहा है।
मामले को लेकर जब मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनूपपुर डॉ. अल्का तिवारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा —
“मैं अभी वीसी बैठक में हूं, फ्री होकर आपसे चर्चा करती हूं।”
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में दोबारा जांच और सख्त कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाएगा।


0 Comments